पाकुड़ में भीख मांगने के बहाने चोरी का आरोप, महिला और किशोरी पुलिस हिरासत में

Rupa Kumari | May 19, 2026 | 02:58 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि भीख मांगने के बहाने एक महिला और किशोरी घर में घुस गईं और बैग से नकदी निकाल ली। स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।घटना बैंक कॉलोनी इलाके की बताई जा रही है। पीड़िता कंचन कुमारी के अनुसार, वह कपड़े सुखाने के लिए घर की छत पर गई थीं। जब वह नीचे लौटीं तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। उन्होंने बताया कि बेडरूम में रखे बैग से पर्स गायब था, जिसमें करीब 7 हजार रुपये नकद रखे थे।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, फर्जी सिम सप्लायर समेत 5 गिरफ्तार

तलाशी में मिला पर्स और नकदी

शक होने पर कंचन कुमारी घर से बाहर निकलीं, जहां दो महिलाएं पास के घर के बाहर भीख मांगती दिखीं। पूछताछ के दौरान उनकी तलाशी ली गई, जिसमें कथित तौर पर पर्स और नकदी बरामद कर ली गई। बताया जा रहा है कि महिला की गोद में एक बच्चा भी था, जबकि उसके साथ मौजूद करीब 15 वर्षीय किशोरी को उसने अपनी भांजी बताया।

लोगों ने पुलिस को सौंपा

स्थानीय लोगों के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस अधिकारी एएसआई चुंडा हांसदा ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वे पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रही हैं या नहीं।

Share this news

संबंधित खबरें