कच्चे तेल की महंगाई का असर, बिहार में फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

Rupa Kumari | May 19, 2026 | 11:59 AM IST

Samachar Post डेस्क, बिहार: बिहार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार सुबह दोनों ईंधनों के दाम में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि कर दी। इससे पहले शुक्रवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ रहे दामों ने महंगाई को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

पटना में पेट्रोल 109.57 रुपये प्रति लीटर

पटना में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 109.57 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि पहले यह 108.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था। वहीं डीजल का दाम 94.65 रुपये से बढ़कर 95.55 रुपये प्रति लीटर हो गया है। बढ़ी हुई कीमतों को लेकर पेट्रोल पंपों पर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि लगातार महंगाई बढ़ने से घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में बड़ा हादसा टला, तेज रफ्तार मिनी ट्रक स्कूल की दीवार से टकराया

माल ढुलाई और रोजमर्रा की चीजें हो सकती हैं महंगी

ईंधन की कीमतों में वृद्धि का असर अब परिवहन और माल ढुलाई पर भी पड़ने लगा है। डीजल महंगा होने से सब्जी, फल, अनाज और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। वाहन चालकों, किसानों, छोटे कारोबारियों और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों ने इस बढ़ोतरी पर चिंता जाहिर की है। कृषि कार्यों में डीजल की अहम भूमिका होने से किसानों की परेशानी भी बढ़ सकती है।

कुछ पेट्रोल पंपों पर सीमित बिक्री

जमुई जिले के कुछ पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को सीमित मात्रा में पेट्रोल दिए जाने की खबर भी सामने आई है। कुछ जगहों पर केवल 200 रुपये तक का पेट्रोल देने की बात कही जा रही है। इस कारण लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सप्लाई और कीमतों की यही स्थिति बनी रही, तो आने वाले दिनों में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Share this news

संबंधित खबरें