Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को खुली चिट्ठी लिखकर रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में महिला कैदी के कथित यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया। मरांडी ने दावा किया कि जेल सुपरिटेंडेंट द्वारा महिला कैदी का लगातार शारीरिक शोषण किया गया, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई। उन्होंने मामले को दबाने और साक्ष्य मिटाने की भी आशंका जताई है।
यह भी पढ़ें :ट्रेन पकड़ने जा रहे मामा-भांजे की सड़क हादसे में मौत, बालू लदे ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
मानवता को झकझोर देने वाली घटना
अपने पत्र में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि न्यायिक अभिरक्षा में बंद एक असहाय महिला कैदी के साथ जेल के अंदर कथित शोषण बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को दबाने के लिए पीड़िता को बीमारी और इलाज के नाम पर अलग-अलग स्थानों और अस्पतालों में ले जाया जा रहा है, ताकि गर्भ और फॉरेंसिक साक्ष्यों को नष्ट किया जा सके। मरांडी ने पत्र में जेल आईजी की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि जेल के अंदर की गतिविधियों के गवाह रहे कर्मचारियों का तबादला किया जा रहा है, ताकि वे मामले पर चुप रहें और घटना सार्वजनिक न हो सके।
कार्रवाई नहीं हुई तो सरकार पर उठेंगे सवाल
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से आरोपित जेल सुपरिटेंडेंट और जेल आईजी पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं होती है, तो यह माना जाएगा कि सरकार के शीर्ष स्तर पर भी मामले को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार के भीतर लंबे समय से भ्रष्ट तंत्र सक्रिय है और गवाहों को प्रभावित करने के लिए पैसे और प्रशासनिक दबाव का इस्तेमाल किया जा रहा है।
महिला आयोग और अदालतों से हस्तक्षेप की मांग
मरांडी ने राष्ट्रीय महिला आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से मामले में संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने झारखंड की जेलों में महिलाओं के कथित उत्पीड़न की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की। हालांकि, इस मामले में राज्य सरकार या जेल प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
Reporter | Samachar Post