Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा-मेदिनीनगर फोरलेन पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसा हुर गांव स्थित टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के ओबरा गांव निवासी उदय पाल (25) और मेराल थाना क्षेत्र के चामा गांव निवासी अंकज पाल (22) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक उदय पाल मजदूरी के लिए विशाखापट्टनम जा रहा था। उसे ट्रेन पकड़वाने के लिए उसका भांजा अंकज पाल अपने ननिहाल ओबरा गांव आया हुआ था। रविवार को दोनों एक ही बाइक से गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन जा रहे थे, जहां से उदय को बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस पकड़नी थी। इसी दौरान हुर गांव टोल प्लाजा के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उदय पाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंकज गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें :गुमला के गांवों में तेंदुए की दहशत, पालतू पशुओं को बना रहा शिकार
इलाज के दौरान अंकज ने भी तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उदय को मृत घोषित कर दिया। अंकज की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन मेदिनीनगर ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस गढ़वा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। अंकज पाल अपनी मां का इकलौता बेटा था। तीन साल पहले उसके पिता रमेश पाल की मौत हो चुकी थी। पिता के निधन के बाद अंकज ही मजदूरी कर परिवार चला रहा था और मां का सहारा था। वहीं उदय पाल अपने परिवार का बड़ा बेटा था और विशाखापट्टनम में मजदूरी कर घर का खर्च चलाता था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
अवैध बालू ढुलाई पर परिजनों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद परिजनों ने प्रशासन और टोल कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई लगातार जारी है और ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस और टोल कर्मचारियों की मिलीभगत से अवैध बालू परिवहन का कारोबार चल रहा है, जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध बालू ढुलाई पर सख्त कार्रवाई और दोषी ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग की है।
Reporter | Samachar Post