Samachar Post रिपोर्टर,लोहरदगा :झारखंड के लोहरदगा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। भंडरा थाना क्षेत्र के धन्नामुंजी गांव में शनिवार शाम एक व्यक्ति ने गुस्से में अपनी पत्नी और मां की सबल से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने आरोपी को भागने के दौरान पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतकों की पहचान सुमरी उरांव (45) और रूपी उरांव (60) के रूप में हुई है। आरोपी मड़वा उरांव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें :पाकुड़ में पुल निर्माण साइट पर हथियारबंद अपराधियों का हमला, 50 लाख की लेवी नहीं देने पर दी धमकी
गुस्से में खोया आपा, घर में मचा खूनखराबा
जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में आरोपी मड़वा उरांव, उसकी पत्नी और मां मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने घर में रखे सबल से पहले पत्नी पर हमला किया, फिर अपनी मां को भी निशाना बनाया। हमला इतना बेरहम था कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। तब तक आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में इस्तेमाल सबल बरामद कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ग्रामीण बोले- मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी
गांव के लोगों के मुताबिक आरोपी मड़वा उरांव की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी और उसका इलाज भी चल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उसका व्यवहार और ज्यादा असामान्य हो गया था। लोगों के अनुसार, जब आरोपी से हत्या का कारण पूछा गया तो उसने कहा कि उसे गुस्सा आया था, इसलिए उसने वारदात को अंजाम दिया। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी के दो बच्चे हैं 15 साल की बेटी और 12 साल का बेटा। घटना के समय दोनों घर से बाहर थे। लोगों का कहना है कि अगर बच्चे उस वक्त घर में होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
गांव में दहशत, पुलिस कर रही जांच
दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में डर और शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इतनी भयावह घटना नहीं देखी। लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post