Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ :झारखंड के पाकुड़ जिले में एक बार फिर लेवी और रंगदारी का मामला सामने आया है। अमरापारा थाना क्षेत्र में बीजीआर कोल कंपनी की निर्माणाधीन पुल साइट पर देर रात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर दहशत फैला दी। नकाबपोश अपराधियों ने साइट पर मौजूद नाइट गार्ड को धमकी भरा पर्चा सौंपते हुए 50 लाख रुपये की लेवी की मांग की है। पर्चे में चेतावनी दी गई है कि अगर तय रकम नहीं दी गई तो कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया जाएगा और निर्माण कार्य ठप कर दिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल है।
यह भी पढ़ें :राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, सोते यात्रियों में मचा हड़कंप; दो बोगियां क्षतिग्रस्त
नकाबपोश अपराधियों ने नाइट गार्ड को सौंपा पर्चा
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे। सभी के चेहरे ढंके हुए थे और उनके पास हथियार होने की बात कही जा रही है। अपराधियों ने साइट पर तैनात नाइट गार्ड को रोककर एक पर्चा थमाया और कंपनी प्रबंधन तक संदेश पहुंचाने को कहा। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
पर्चे पर टीपीसी का नाम, पुलिस जांच में जुटी
बताया जा रहा है कि धमकी भरे पर्चे पर टीपीसी (तृतीय प्रस्तुति कमेटी) का नाम लिखा हुआ है। पर्चे में साफ तौर पर 50 लाख रुपये की मांग की गई है। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि मांग पूरी नहीं होने पर निर्माण कार्य बंद करा दिया जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही अमरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पर्चे को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों और साइट पर काम कर रहे कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुका है रंगदारी का मामला
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि घटना के पीछे वास्तव में कोई उग्रवादी संगठन है या फिर किसी आपराधिक गिरोह ने डर फैलाने के उद्देश्य से यह हरकत की है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी बीजीआर कंपनी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। उस दौरान गोड्डा के एक अपराधी का नाम चर्चा में आया था। अब दोबारा लेवी मांगने की घटना से कंपनी के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया है।
निर्माण स्थल की सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद पुलिस ने पुल निर्माण स्थल की सुरक्षा बढ़ा दी है। इलाके में लगातार गश्त की जा रही है और संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post