Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :झारखंड के हजारीबाग के रहने वाले आकाश जैन को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में जॉइंट डायरेक्टर की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल NEET जैसी राष्ट्रीय परीक्षा के संचालन और निगरानी में अब उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। आकाश जैन की इस उपलब्धि से हजारीबाग में खुशी और गर्व का माहौल है। उनका परिवार शहर के झंडा चौक इलाके का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें :सिमडेगा में वज्रपात का कहर, आकाशीय बिजली गिरने से 20 मवेशियों की मौत
स्कूल से लेकर UPSC तक शानदार रिकॉर्ड
आकाश जैन ने अपनी शुरुआती पढ़ाई हजारीबाग के संत जेवियर्स स्कूल से पूरी की। वर्ष 2002 में उन्होंने 10वीं की परीक्षा डिस्टिंक्शन के साथ पास की थी। इसके बाद 2004 में 12वीं बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक हासिल कर स्टेट टॉपर बने थे। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बीकॉम ऑनर्स किया। इसके बाद विनोबा भावे विश्वविद्यालय से एमकॉम की पढ़ाई पूरी की, जिसमें वे गोल्ड मेडलिस्ट रहे। उन्होंने यूजीसी NET और JRF भी क्वालिफाई किया तथा बाद में MBA (Honours) की डिग्री हासिल की।
2013 में बने IRS अधिकारी
आकाश जैन ने वर्ष 2013 में UPSC परीक्षा पास कर IRS सेवा जॉइन की। इसके बाद उन्होंने आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय (ED) में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। वर्ष 2015 से 2018 तक वे मुंबई में आयकर विभाग में सहायक आयुक्त रहे। बाद में उन्होंने डिप्टी कमिश्नर के रूप में भी सेवाएं दीं।
ED और आयकर विभाग में संभाली अहम जिम्मेदारियां
वर्ष 2019 से 2023 तक आकाश जैन ने ED में उप निदेशक के रूप में कोलकाता और त्रिपुरा में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच संभाली। इसके बाद वे कोलकाता में संयुक्त आयुक्त आयकर के पद पर भी रहे। जुलाई 2024 से नवंबर 2025 तक उन्होंने दिल्ली में प्रणाली निदेशालय में संयुक्त निदेशक आयकर के रूप में कार्य किया। 5 दिसंबर 2025 से उन्होंने कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के तहत राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी में सचिव के रूप में पदभार संभाला था।
NEET पेपर लीक विवाद के बीच मिली जिम्मेदारी
आकाश जैन को ऐसे समय में NTA में जॉइंट डायरेक्टर बनाया गया है, जब NEET 2026 पेपर लीक मामले को लेकर एजेंसी लगातार चर्चा में है। परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि उनके प्रशासनिक अनुभव और सख्त कार्यशैली से परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। हजारीबाग के लोगों ने इसे जिले के लिए गर्व का पल बताया है और सोशल मीडिया पर भी आकाश जैन को बधाइयां दी जा रही हैं।
Reporter | Samachar Post