Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग जिले के ईचाक थाना क्षेत्र में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर बरवां नदी में जा गिरी। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार सभी आठ लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, ई-रिक्शा अलौंजा गांव से ईचाक बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान बरवां नदी पुल के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो से टक्कर की स्थिति बन गई।
यह भी पढ़ें :धनबाद में युवक की बेरहमी से हत्या, पत्थर से सिर कुचलकर झाड़ियों में फेंका शव
पुल पर रेलिंग नहीं होने से सीधे नदी में गिरा वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो को बचाने की कोशिश में चालक ई-रिक्शा पर नियंत्रण खो बैठा। पुल पर सुरक्षा रेलिंग या गाइड वॉल नहीं होने की वजह से ई-रिक्शा सीधे नदी में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
दो घायलों की हालत गंभीर
घटना के समय आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने नदी में गिरे ई-रिक्शा से सभी घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद ईचाक थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के मुताबिक, दो घायलों के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बाकी घायलों का इलाज जारी है।
पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुल पर सुरक्षा रेलिंग और गाइड वॉल नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि यदि पुल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होती तो इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था।
Reporter | Samachar Post