Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा: जामताड़ा में अवैध कोयला कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि चित्रा ईसीएल से निकलने वाले डंपरों से रोजाना टनों कोयला चोरी किया जा रहा है और यह पूरा खेल प्रशासनिक कार्यालयों के बेहद करीब खुलेआम चल रहा है। मामले ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डंपरों से रास्ते में उतारा जा रहा कोयला
जानकारी के मुताबिक, चित्रा ECL से प्रतिदिन करीब 150 डंपर कोयला लेकर जामताड़ा रेलवे साइडिंग के लिए निकलते हैं। इस दौरान उदलबनी और शतसाल इलाके कथित तौर पर कोयला उतारने के प्रमुख ठिकाने बन चुके हैं। बताया जा रहा है कि सुबह से देर रात तक डंपरों को रोककर अवैध तरीके से कोयला उतारा जाता है। इसके बाद इस कोयले को मोटरसाइकिलों के जरिए अलग-अलग इलाकों और ईंट-भट्टों तक पहुंचाया जाता है।
यह भी पढ़ें: गढ़वा में देर रात दो भीषण सड़क हादसे, चार लोगों की मौत, दो गंभीर
वजन बराबर करने के लिए डस्ट और पत्थर भरने का आरोप
मामले में सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि डंपरों से कोयला निकालने के बाद वजन संतुलित रखने के लिए उनमें डस्ट और पत्थर भर दिए जाते हैं। इसके बाद वही डंपर रेलवे साइडिंग के लिए रवाना कर दिए जाते हैं। इसे सरकारी संपत्ति, राजस्व और कोयले की गुणवत्ता के साथ बड़ा खिलवाड़ माना जा रहा है।
चौकीदार पर ‘मैनेजमेंट’ संभालने का आरोप
सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन कथित तौर पर एक चौकीदार के जरिए किया जा रहा है। आरोप है कि वही अवैध कारोबार और कथित “काली कमाई” का मैनेजमेंट संभाल रहा है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अधिकारियों की कार्यशैली पर उठे सवाल
सबसे बड़ी बात यह है कि जिन इलाकों में यह अवैध धंधा चलने का आरोप है, वे जामताड़ा-दुमका मुख्य मार्ग पर स्थित हैं। इसी रास्ते से जिले के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी रोजाना गुजरते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि खबर सामने आने के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।