Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार को दो प्रमुख सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS सीटें बढ़ाने की मंजूरी मिल गई है। SNMMCH में अब MBBS की 150 सीटों पर नामांकन होगा, जबकि MGM मेडिकल कॉलेज में 100 MBBS सीटों को स्वीकृति दी गई है। सरकार के इस फैसले को झारखंड में मेडिकल शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। सीटें बढ़ने से अब राज्य के अधिक छात्रों को झारखंड में ही मेडिकल की पढ़ाई का मौका मिलेगा। हर साल बड़ी संख्या में छात्र MBBS में दाखिले के लिए दूसरे राज्यों का रुख करते हैं, लेकिन नई व्यवस्था से उन्हें काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में 24 घंटे में तीन मौतों से हड़कंप, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगा मजबूती
विशेषज्ञों का मानना है कि मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ने का सीधा असर राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ेगा। आने वाले वर्षों में अधिक डॉक्टर तैयार होंगे, जिससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हो सकेंगी। राज्य सरकार लगातार मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर काम कर रही है। इसी क्रम में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीट बढ़ाने की प्रक्रिया तेज की गई है।
आगे और सीटें बढ़ाने की तैयारी
जानकारी के अनुसार, सरकार आने वाले समय में राज्य के अन्य सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी MBBS और PG सीटें बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए नेशनल मेडिकल कमीशन को कई नए प्रस्ताव भेजे गए हैं। सरकार का लक्ष्य अगले कुछ वर्षों में झारखंड में मेडिकल सीटों की संख्या में बड़ा इजाफा करना है, ताकि राज्य के छात्रों को बेहतर अवसर मिल सकें और डॉक्टरों की कमी को दूर किया जा सके। इस फैसले के बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल है। छात्रों का कहना है कि सीटें बढ़ने से अब राज्य में मेडिकल शिक्षा के अवसर पहले से ज्यादा बढ़ेंगे और प्रतियोगिता का दबाव भी कुछ हद तक कम होगा।
Reporter | Samachar Post