छह लेन की होगी रांची एयरपोर्ट से हिनू होते हुए बिरसा चौक की सड़क, 2.85 किमी का होगा चौड़ीकरण

Samachar Post | August 23, 2025 | 07:55 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के एयरपोर्ट से हिनू चौक होते हुए बिरसा चौक की कुल 2.85 किमी की सड़क जल्द ही छह लेन की होगी। इस सड़क का जहां छह लेन में चौड़ीकरण होगा, वहीं, इसका सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने एयरपोर्ट रोड, हिनू चौक और बिरसा चौक सड़क का महानगरों की तर्ज पर विकसित करने का आदेश जारी कर दिया है। इसके लिए उन्होंने कुल 45 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान कर दी है।

जल्द निविदा निकालने का निर्देश

नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने एजेंसी जुडको को प्रस्तावित योजना का जल्द निविदा निकाल कर क्रियान्वयन शुरू करने का निर्देश दिया है। बता दें कि एयरपोर्ट से हिनू चौक की दूरी 1.65 किमी एवं हिनू चौक से बिरसा चौक तक की कुल दूरी 1.2 किमी है।

इन मद पर खर्च की जाएगी 45 करोड़ रुपए की राशि

कुल 45.03 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति के तहत सुगम यातायात के निमित्त एयरपोर्ट से हिनू चौक तक सड़क सुदृढ़ीकरण में 10.42 करोड़, हरियाली पूर्ण एवं प्रकाशयुक्त सजावट में 14.64 करोड़, हिनू से बिरसा चौक सड़क के सुदृढ़ीकरण में 7.50 करोड़, हार्ड एवं सॉफ्ट स्केप में 9.03 करोड़ और हिनू चौक तथा गोलंबर के विकास में 3.42 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें : पलामू में डीएसपी हेडक्वार्टर का पद सृजित होगा, डीआईजी नौशाद आलम ने किया निरीक्षण

जानिए, नगर विकास विभाग की क्या है योजना

एयरपोर्ट से हिनू चौक मार्ग जो 1.65 किमी का है, उसमें वर्तमान सड़क को यथासंभव छह लेन बनाना, सतह नवीनीकरण, फुटपाथ, साइक्लिंग पाथ, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट, फ्लोरिंग पैनल, एलइडी लाइटिंग, जनजातीय कला संस्कृति पर आधारित दीवारों पर चित्रकारी, पत्थर की कलाकृतियां, झारखंड की प्राचीन कला-संस्कृति पर आधारित भव्य तोरणद्वार, लैंड स्केपिंग, डिजाइनदार पेड़-पौधे, पेयजल एवं प्रसाधन, खाली स्थान पर पार्क, पार्किंग करना शामिल है।

इसी तरह हिनू चौक से बिरसा चौक जो कि 1.2 किमी है, में सड़के सतह नवीनीकरण के साथ सौंदर्यीकरण, छह लेन का निर्माण, डिवाइडर की पेड पौधो से सजावट, लैंड स्केपिंग, पेवर ब्लॉक, फुटपाथ, साइकिल पाथ वे, सड़क के दोनों ओर छायादार वृक्ष, डिजाइनदार पौधे, आकर्षक स्ट्रीट एवं एलइडी लाइट, लैंड स्केपिंग, शौचालय का काम किया जाना प्रस्तावित है। इसी तरह हिनू चौक का आधुनिकीकरण कर .यहां कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा का उन्नयन, खाली स्थानों पर झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियां, वर्तमान के 12 मीटर के गोलंबर को 22 मीटर तक विस्तार, लैंड स्केपिंग, आधुनिक एलइडी लाइट, रंग बिरंगे लाइट,हरियाली के खूबसूरत पेड़-पौधे जैसे काम किए जाएंगे।

Share this news

संबंधित खबरें