Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी : खूंटी पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान मोहन कुमार उर्फ राजेश महतो उर्फ राजेश यादव के रूप में हुई है, जो रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के गायत्री नगर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार, जिंदा गोलियां, उग्रवादी पर्चे और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से कई गंभीर मामलों में वांछित था।
बस स्टैंड के पास पुलिस ने दबोचा
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि 12 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि PLFI का सक्रिय सदस्य और कर्रा थाना के एक मामले का प्राथमिकी अभियुक्त खूंटी आने वाला है। सूचना के बाद तोरपा एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। छापेमारी के दौरान खूंटी-तिरला मार्ग स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: ईसीएल-बीसीसीएल पहुंचे केंद्रीय मंत्री, झरिया पुनर्वास को लेकर बढ़ी उम्मीदें
मिट्टी में गाड़कर रखे थे हथियार
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई अहम जानकारियां दीं। उसकी निशानदेही पर ग्राम कटमकुकू स्थित एक नवनिर्मित मकान में छापेमारी की गई। यहां मिट्टी में गाड़कर छिपाए गए हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस ने एक देशी पिस्टल, 7.65 एमएम की दो जिंदा गोलियां, PLFI के दो पर्चे, तीन मोबाइल फोन और एक बैग जब्त किया है।
कई थानों में दर्ज हैं मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ बेड़ो, कर्रा, खूंटी और तोरपा थाना में कई मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, हिंसक घटनाएं और उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े आरोप शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि उसका एक मामला NIA तक भी पहुंच चुका है। हाल के दिनों में कर्रा थाना के दो मामलों में भी उसका नाम सामने आया था। एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि इस गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय उग्रवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर संगठन से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।