Samachar Post रिपोर्टर, गुमला: गुमला शहर के डीएसपी रोड इलाके में बड़ी चोरी की घटना से हड़कंप मच गया है। चोरों ने चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व सचिव और वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य दिलीप गुप्ता के बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 24 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार 8 मई को इलाज के सिलसिले में रांची गया हुआ था। इसी दौरान घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
नकदी और जेवरात लेकर फरार
पीड़ित के मुताबिक चोरों ने करीब 7.70 लाख रुपये नकद चुरा लिए। इसके अलावा सोने-चांदी के कई कीमती जेवरात भी ले गए, जिनमें शामिल हैं। 3 सोने की चेन, 3 जोड़ी झुमके, मांगटीका और ढोलना, सोने का जितिया, 2 जोड़ी बाली, चांदी की पायल और बिछिया अन्य कीमती आभूषण और सामान इसके अलावा करीब 4 लाख रुपये मूल्य का एक कीमती सामान भी चोरी होने की बात सामने आई है। कुल नुकसान 24 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है, हालांकि अंतिम आंकड़ा जांच के बाद और बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: गुमला में जंगली हाथी का आतंक, घर तोड़ा और फसलों को रौंदा, दहशत में ग्रामीण
CCTV में संदिग्ध की तस्वीर
घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड पुलिस और एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें रात करीब 2 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति सिर झुकाकर घर के पास आते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस का कहना है कि इस आधार पर कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।
व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल
शहर के बीचोंबीच हुई इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।