Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कांडी थाना क्षेत्र के मोहम्मदगंज-कांडी मुख्य मार्ग स्थित विजय सोनी पेट्रोल पंप के पास की है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेज गति से जा रहे थे। इसी दौरान चालक संतुलन खो बैठा और बाइक सड़क किनारे पुलिया के नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
यह भी पढ़ें: गढ़वा में निजी अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई जगह मिली भारी लापरवाही
बीडीओ ने संभाला राहत कार्य
घटना के समय प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय उसी रास्ते से गुजर रहे थे। उन्होंने तुरंत रुककर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। बीडीओ ने तत्काल थाना प्रभारी और अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को समय पर इलाज के लिए भेजा गया। घायलों की पहचान पतरिया गांव निवासी रितेश कुमार पासवान, ओमप्रकाश पासवान और विशाल पासवान के रूप में हुई है।
खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया
बीडीओ राकेश सहाय ने स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से तीनों युवकों को खाई से बाहर निकलवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पहले मझिआंव रेफरल अस्पताल भेजा गया, फिर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने की अपील की
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।