Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा मंडल कारा में शनिवार सुबह जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। उपायुक्त आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह IPS के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई का उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था को परखना और प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना था। निरीक्षण के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल के साथ जेल के सभी वार्डों और बैरकों की सघन तलाशी ली गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने कारा परिसर के हर हिस्से का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में बारात से लौट रही बोलेरो पलटी, इकलौते बेटे की मौत; तीन गंभीर घायल
तलाशी अभियान में नहीं मिली कोई आपत्तिजनक सामग्री
सघन जांच के दौरान जेल परिसर से कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसे प्रशासन के लिए राहत की बात माना जा रहा है। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर संतोष जताया।
CCTV निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
उपायुक्त आलोक कुमार ने कारा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जेल के संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जाए और सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। साथ ही जेल में आने-जाने वाले लोगों और बंदियों के परिजनों द्वारा लाई जाने वाली सामग्रियों की कड़ी जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी अनधिकृत वस्तु की एंट्री रोकी जा सके।
बंदियों की सुविधाओं की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने बंदियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। उपायुक्त ने कारा मैनुअल के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन, नियमित स्वास्थ्य जांच और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जेल परिसर में पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ शौचालय और बेहतर वेंटिलेशन व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया।
कई अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान एसपी शम्भू कुमार सिंह ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण में एसडीओ अनंत कुमार, प्रभारी कारा अधीक्षक विजय कुमार, एसडीपीओ विकास आनंद लांगुरी, अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि इस तरह के औचक निरीक्षण से जेल के भीतर अनुशासन बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
Reporter | Samachar Post