Samachar Post डेस्क, रांची: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज बड़ा दिन माना जा रहा है। भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस समारोह को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा इसे बंगाल की राजनीति में “नए दौर की शुरुआत” के रूप में पेश कर रही है। शपथ ग्रहण समारोह में नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। एकनाथ शिंदे और केशव प्रसाद मौर्य पहले ही कोलकाता पहुंच चुके हैं। वहीं सम्राट चौधरी भी समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो चुके हैं।
भाजपा बोली- अब बंगाल में डबल इंजन सरकार
कोलकाता पहुंचने के बाद एकनाथ शिंदे ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने विकास के नाम पर मतदान किया है और अब राज्य में “डबल इंजन सरकार” काम करेगी। वहीं केशव प्रसाद मौर्य ने इसे “लंबे समय बाद नए सवेरे की शुरुआत” बताया। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह जीत केवल सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि विकास की नई शुरुआत है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में मौसम बिगड़ने की चेतावनी, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
ममता बनर्जी को हराने के बाद बढ़ा कद
भाजपा के भीतर शुभेंदु अधिकारी की ताजपोशी को उनकी राजनीतिक यात्रा का बड़ा पड़ाव माना जा रहा है। उन्होंने पहले ममता बनर्जी को नंदीग्राम में चुनौती दी थी और इस बार भवानीपुर सीट पर भी बड़ी जीत दर्ज की। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि बंगाल में जमीनी स्तर पर संघर्ष करने वाले नेता को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी गई है।
समारोह में दिखेगी बंगाल की संस्कृति
शपथ ग्रहण समारोह को सांस्कृतिक रंग भी दिया गया है। कार्यक्रम में पुरुलिया छऊ नृत्य की प्रस्तुति होगी, वहीं लोक संगीत और पारंपरिक कार्यक्रमों के जरिए बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह में अभिनेत्री ममता शंकर, उद्योगपति संजय बुधिया और सज्जन भजंका समेत कई खास मेहमानों के शामिल होने की संभावना है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ब्रिगेड ग्राउंड की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे मैदान को 35 सेक्टरों में बांटा गया है और हर सेक्टर की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। कोलकाता पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है। ड्रोन से निगरानी की जा रही है और आसपास की ऊंची इमारतों पर भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
पूर्वी मेदिनीपुर में जश्न का माहौल
शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने की खबर से उनके गृह जिले पूर्वी मेदिनीपुर में उत्सव का माहौल है। कई जगह बड़ी स्क्रीन लगाकर लोगों के लिए लाइव शपथ ग्रहण देखने की व्यवस्था की गई है। वहीं उनके पिता और वरिष्ठ नेता शिशिर अधिकारी ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए इसे पूरे परिवार और राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।