Samachar Post रिपोर्टर,साहिबगंज: साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र स्थित केंदुआ आमगाछी गांव में अवैध मिनी हथियार फैक्ट्री का बड़ा खुलासा हुआ है। बिहार एसटीएफ और साहिबगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बंद पड़े एक घर से भारी मात्रा में हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
बिहार में गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, हाल ही में पटना में हथियार के साथ गिरफ्तार किए गए एक युवक और अन्य अपराधियों की निशानदेही पर यह छापेमारी की गई। गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा और बंद घर का ताला तोड़कर तलाशी शुरू की। पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो वहां से 16 अवैध पिस्टल, मैगजीन, कारतूस और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक मशीनें बरामद हुईं।
यह भी पढ़ें: ऐश पौंड की समस्या से प्रभावित हुआ बिजली उत्पादन, चंद्रपुरा पहुंचे डीवीसी निदेशक ने दिया अल्टीमेटम
इलाके में मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में बाहरी लोगों ने जमीन खरीदकर कई घर बनाए हैं, इसलिए आसपास के लोगों को घर मालिक के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें कभी इस बात की भनक तक नहीं लगी कि इलाके में अवैध गन फैक्ट्री संचालित हो रही है। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने इलाके को किया सील
छापेमारी के बाद पुलिस ने पूरे घर को सुरक्षा घेरे में ले लिया और मीडिया समेत अन्य लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी। मौके पर नितिन खंडेलवाल, सुमित कुमार सिंह और गौरव समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद थे। फिलहाल पुलिस बरामद हथियारों के नेटवर्क और फैक्ट्री से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।