Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : साइबर क्राइम के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाला जामताड़ा अब अपनी मेधावी प्रतिभाओं की वजह से नई पहचान बना रहा है। इंटरमीडिएट साइंस परीक्षा के परिणाम में करमाटांड़ स्थित गुलाब राय गुड़गुटिया प्लस टू विद्यालय के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले में नया कीर्तिमान बनाया है। विद्यालय के छात्र विशाल कुमार ने 470 अंक यानी 94 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। नारायणपुर प्रखंड के सिमदारडीह गांव निवासी विशाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और चाचा को दिया है।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में सेकेंड हैंड कार शोरूम के बाहर लगी आग, बड़ा हादसा टला
डॉक्टर बनकर करना चाहते हैं सेवा
विशाल ने कहा कि उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। उन्होंने हाल ही में NEET परीक्षा भी दी है और बेहतर परिणाम की उम्मीद जता रहे हैं। इसी विद्यालय की छात्रा अनु कुमारी ने 469 अंक यानी 93.8 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। अनु के पिता एक छोटी राशन दुकान चलाते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
इंजीनियर बनना चाहती हैं अनु
अनु ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया है। इससे पहले भी वह मैट्रिक परीक्षा में जिले की टॉपर रह चुकी हैं। उनका सपना इंजीनियर बनना है। हेट गांव की रहने वाली सोनम कुमारी ने 90.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में नौवां स्थान प्राप्त किया है। सोनम भविष्य में वकील बनकर गरीब और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाना चाहती हैं। इन छात्रों की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और शिक्षा के दम पर किसी भी क्षेत्र की पहचान बदली जा सकती है। अब जामताड़ा सिर्फ साइबर क्राइम नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली छात्रों के लिए भी जाना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।