Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य के सभी 14 लोकसभा क्षेत्रों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की ओर से जारी अधिसूचना में कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पार्टी का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना और आने वाले चुनावों की तैयारी को तेज करना है।
यह भी पढ़ें :गढ़वा-पलामू के लोगों को बड़ी सौगात, राजस्थान के लिए जल्द चलेगी सीधी ट्रेन
धनबाद लोकसभा की कमान अनूप सिंह को
नई नियुक्तियों में सबसे ज्यादा चर्चा धनबाद लोकसभा क्षेत्र को लेकर हो रही है। बोकारो जिले के बेरमो विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह को धनबाद लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। अनूप सिंह पहले भी धनबाद की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में अपनी पत्नी अनूपमा सिंह को कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतारा था, हालांकि उन्हें जीत नहीं मिल सकी थी।
संगठन को नई ऊर्जा देने की कोशिश
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि नई नियुक्तियों से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय होने का मौका मिलेगा। राजनीतिक जानकार धनबाद में अनूप सिंह की नियुक्ति को पार्टी की रणनीतिक तैयारी के तौर पर देख रहे हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में जुटी है।
कई लोकसभा क्षेत्रों में नए प्रभारी नियुक्त
प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी सूची में अन्य लोकसभा क्षेत्रों के लिए भी नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इनमें प्रदीप तुलस्यान को गिरिडीह, भीम कुमार को चतरा, सुल्तान अहमद खान को दुमका, गुंजन सिंह को गोड्डा और नमन विक्सल कोंगाडी को रांची लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह
धनबाद लोकसभा प्रभारी बनाए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने अनूप सिंह को बधाई देते हुए कहा कि इससे संगठन और मजबूत होगा तथा जनता तक पार्टी की पहुंच बढ़ेगी। राजनीतिक हलकों में इस फैसले को 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि कांग्रेस राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए संगठन स्तर पर लगातार बदलाव कर रही है।
Reporter | Samachar Post