Samachar Post रिपोर्टर,हज़ारीबाग :हज़ारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में चोरदाहा पिकेट के पास नेशनल हाईवे-19 पर एक चलती ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक आग की लपटों में घिर गया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि ट्रक रामगढ़ से सरिया लोड कर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जा रहा था। चोरदाहा चेक पोस्ट के पास पहुंचते ही उसमें आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए चालक और उपचालक ने तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़ें :सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के 114 शिक्षकों को प्रमोशन, लंबे इंतजार के बाद मिली राहत
केबिन पूरी तरह जलकर खाक
आग इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रक में लदा सरिया सुरक्षित बच गया, जिससे भारी नुकसान टल गया। घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन चौपारण और बरही के बीच सड़क की खराब स्थिति के कारण दमकल वाहन को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे की देरी हो गई। तब तक ट्रक काफी हद तक जल चुका था।
यातायात प्रभावित, जांच जारी
आग लगने के कारण नेशनल हाईवे-19 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए वाहनों को सर्विस रोड से डायवर्ट किया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post