Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड राज्य में संचालित 108 एम्बुलेंस सेवा इन दिनों गंभीर संकट से गुजर रही है। सेवा का संचालन कर रही सम्मान फाउंडेशन पर कर्मचारियों ने समय पर वेतन नहीं देने और श्रमिक अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया है। विरोध में कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे आपातकालीन सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
श्रमिक अधिकारों की अनदेखी का आरोप
कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें न तो वैधानिक श्रमिक सुविधाएं मिल रही हैं और न ही समय पर वेतन दिया जा रहा है। पहले भी कई बार आंदोलन के बाद समझौता हुआ था, लेकिन उसे अब तक लागू नहीं किया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी सरकारी निर्देशों की भी अनदेखी कर रही है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
यह भी पढ़ें: CUJ के बीटेक छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- सॉरी पापा, खुद को संभाल नहीं सका
दो महीने से वेतन लंबित
बताया जा रहा है कि मार्च और अप्रैल 2026 का वेतन अब तक नहीं मिला है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मचारियों ने कई बार कंपनी प्रबंधन से संपर्क किया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने 3 मई 2026 की शाम से काम बंद कर दिया और अब हड़ताल पर बैठ गए हैं। इससे राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की स्थिति बन गई है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर 108 एम्बुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।