Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू जिला प्रशासन ने जनगणना अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्कूली बच्चों को जोड़ने की पहल शुरू की है। इस अभियान के तहत 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सही जानकारी पहुंच सके।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर में PM आवास योजना पर बवाल, लाभार्थियों ने दी चेतावनी- 6 मई को खुद करेंगे गृहप्रवेश
दो चरणों में होगी जनगणना प्रक्रिया
देशभर में जनगणना प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहला चरण शुरू हो चुका है, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित होगा। साथ ही 1 मई से 15 मई तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसमें लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
छात्रों की होगी अहम भूमिका
प्रशासन का मानना है कि स्कूली बच्चे डिजिटल और सामाजिक विषयों को बेहतर समझते हैं। इसलिए उन्हें जनगणना से जुड़े 33 प्रकार के सवालों और उसके महत्व की जानकारी दी जाएगी। उम्मीद है कि ये छात्र अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करेंगे।
साइबर फ्रॉड से बचाव पर भी जोर
अभियान के दौरान लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। खासकर ओटीपी साझा न करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए जाएंगे, जिसमें छात्रों की भागीदारी अहम रहेगी। दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जनगणना की सही जानकारी पहुंचाना है। इसके लिए स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Reporter | Samachar Post