Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू जिले के पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव सेवाओं के नाम पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप सामने आए हैं। जबकि सरकार की ओर से प्रसव सुविधाएं निःशुल्क होने का दावा किया जाता है, जमीनी हकीकत कुछ और ही बताई जा रही है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि अस्पताल कर्मी विभिन्न बहानों से पैसे की मांग करते हैं। आरोप है कि बिना भुगतान किए मरीजों का इलाज ठीक से नहीं किया जाता और उन्हें परेशान किया जाता है। परिजनों के मुताबिक, पैसे नहीं देने पर मरीजों को देर रात उनकी हालत गंभीर बताकर बड़े अस्पताल में रेफर करने की बात कही जाती है। इससे परिवारों पर मानसिक और आर्थिक दबाव बनता है।
यह भी पढ़ें :NEET परीक्षा को लेकर पलामू में सख्ती, होटलों में देर रात पुलिस की छापेमारी
भुगतान के बाद सामान्य प्रसव करा दिया
सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि जिन मरीजों को पहले गंभीर बताकर रेफर करने की बात कही जाती है, उन्हीं का पैसा देने के बाद उसी अस्पताल में सामान्य प्रसव करा दिया जाता है। इससे पूरे मामले पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
जांच और कार्रवाई की मांग
परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाता है।
Reporter | Samachar Post