Samachar Post रिपोर्टर,बिहार :निशांत कुमार आज अपनी ‘सद्भाव यात्रा’ की शुरुआत करने जा रहे हैं। सुबह करीब 11 बजे वे पटना स्थित जदयू कार्यालय पहुंचेंगे, जहां से ‘निश्चय रथ’ पर सवार होकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और विधायक दल के नेता श्रवण कुमार भी मौजूद रहेंगे। यात्रा शुरू करने से पहले निशांत कुमार, नीतीश कुमार के 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर जाकर उनका आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद वे पार्टी कार्यालय से यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग बैंक लूटकांड: वाराणसी से तीन आरोपी गिरफ्तार, 1 किलो सोना और ₹20 लाख रुपये बरामद
पहले दिन पश्चिम चंपारण का दौरा
यात्रा के पहले दिन वे पश्चिम चंपारण के बेतिया समेत आसपास के क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे आम लोगों से मुलाकात करेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
कई जगहों पर भव्य स्वागत की तैयारी
निशांत कुमार के स्वागत के लिए कई स्थानों पर कार्यक्रम तय किए गए हैं बजरंग चौक (ओवर ब्रिज के पास), वैशाली जिला कार्यालय (जेल गेट के पास), सकरी चौक, मुजफ्फरपुर, मंगराही (पूर्वी चंपारण), महेंद्र चौक। इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी शक्ति प्रदर्शन के साथ जनसंपर्क को मजबूत करने की कोशिश करेगी। यात्रा के दौरान 4 मई को वे वाल्मीकिनगर जाएंगे, जहां जंगल सफारी का भी कार्यक्रम तय है। यह इलाका पर्यटन और राजनीति दोनों दृष्टि से अहम माना जाता है।
चंपारण से शुरुआत का खास संदेश
निशांत कुमार ने अपनी यात्रा की शुरुआत चंपारण से की है, जिसे महात्मा गांधी की कर्मभूमि माना जाता है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह कदम एक बड़ा प्रतीकात्मक संदेश देता है।
राजनीति में सक्रियता के संकेत
माना जा रहा है कि यह यात्रा निशांत कुमार के सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका की शुरुआत हो सकती है। वे अपने पिता नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकेत दे रहे हैं। जदयू कार्यकर्ताओं के बीच इस यात्रा को लेकर उत्साह है और इसे संगठन मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
आगे और बढ़ सकती है भूमिका
हालांकि अभी किसी चुनाव या पद को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि आने वाले समय में निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में बड़ा कदम उठा सकते हैं।























