औरंगाबाद में दर्दनाक हादसा: करंट की चपेट में आने से 10 साल के बच्चे की मौत

Rupa Kumari | May 2, 2026 | 12:56 PM IST

Samachar Post डेस्क, बिहार: औरंगाबाद जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। यह हादसा सुही गांव में गुरुवार सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि बच्चा खेलते-खेलते पास के खेत में पहुंच गया, जहां पहले से ही एलटी बिजली का तार टूटा हुआ जमीन पर गिरा था।

करंट लगने से बुरी तरह झुलसा बच्चा

मृतक की पहचान पीयूष कुमार (10 वर्ष), पिता गुप्ता पासवान के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जैसे ही बच्चा तार की चपेट में आया, वह गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बांस के सहारे किसी तरह उसे करंट से अलग किया।

यह भी पढ़ें: JAC 10वीं टॉपर शिवांगी को बड़ा तोहफा, सिमडेगा DC कंचन सिंह उठाएंगी पूरी पढ़ाई का खर्च

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

आनन-फानन में पीयूष को रेफरल अस्पताल कुटुंबा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पीयूष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

ग्रामीणों का आरोप: बिजली विभाग की लापरवाही

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में कई जगहों पर लंबे समय से बिजली के तार टूटे और लटके हुए हैं, लेकिन विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें