- “गणेश इंटरप्राइजेज” के नाम पर खुला था खाता, 274 शिकायतों से जुड़ा मामला; मोबाइल और सिम कार्ड बरामद
Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी फर्जी बैंक खाते के जरिए देशभर में ठगी को अंजाम दे रहे थे। साइबर अपराध थाना की टीम ने राहुल गुप्ता (गोला), रवि कुमार वर्मा (परसोतिया), रितेश अग्रवाल और सोनू झा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 6 मोबाइल फोन और 11 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जो ठगी के नेटवर्क में इस्तेमाल किए जा रहे थे।
फर्जी नाम से खोला गया बैंक खाता
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने “गणेश इंटरप्राइजेज” के नाम से बैंक खाता खुलवाया था। यह खाता भारतीय स्टेट बैंक में खोला गया था और इसे एमएसएमई योजना के तहत उद्यम रजिस्ट्रेशन के जरिए वैध दिखाने की कोशिश की गई थी। इस खाते में राहुल गुप्ता, रवि कुमार वर्मा और अजय शर्मा को प्रोपराइटर के रूप में जोड़ा गया था।
यह भी पढ़ें: गुमला में सीमांकन के दौरान बवाल, राजस्व कर्मचारी पर हमला; चप्पलों से पिटाई
देशभर से 274 शिकायतें जुड़ीं
पुलिस के अनुसार, इस खाते के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों से अवैध लेनदेन और पैसे की निकासी की जा रही थी। जांच में इस नेटवर्क से जुड़ी कुल 274 शिकायतें सामने आई हैं, जिससे मामले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
केंद्र की सूचना से खुला राज
यह कार्रवाई गृह मंत्रालय, भारत सरकार की 14C परियोजना के तहत संचालित कोऑर्डिनेशन और प्रतिबिंब पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर की गई। कुज्जू क्षेत्र से जुड़े संदिग्ध लेनदेन की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। फिलहाल पुलिस इस साइबर ठगी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।