Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के बगरीडीह गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घृतढारी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब लौट रहे डीजे वाहन ने सड़क किनारे बैठे बच्चों और एक बुजुर्ग को कुचल दिया। इस हादसे में 10 वर्षीय राज पंडित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर और एक 75 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक गांव में एक पारिवारिक समारोह के बाद डीजे वाहन वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने सड़क किनारे बैठे राज पंडित, विकास पंडित और सोबरन पंडित को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें :धुर्वा डैम में युवक के डूबने से हड़कंप, पुलिस और NDRF की टीम तलाश में जुटी
मौके पर ही चली गई जान
हादसा इतना भयावह था कि वाहन का अगला पहिया बच्चे के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। घटना के बाद सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राज को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS), रांची रेफर किया गया है। मृतक के पिता मुंबई में ऑटो चलाते हैं और राज उनका छोटा बेटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे में शामिल वाहन को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आ रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
Reporter | Samachar Post