Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: जामताड़ा सदर अस्पताल के पास सोमवार दोपहर एक अनियंत्रित बुलेट ने 6 वर्षीय मासूम को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार एक पुलिसकर्मी था। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार जामताड़ा थाना क्षेत्र के पसोई निवासी शाहू शेख अपने बेटे रहान शेख को लेकर दोपहर करीब 12 बजे सदर अस्पताल पहुंचे थे। जैसे ही वे अस्पताल के पास सड़क पार कर रहे थे, तेज रफ्तार बुलेट सवार ने बच्चे को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा दूर जाकर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में सोलर लाइट सिटी का सपना अधूरा, करोड़ों खर्च के बाद भी अंधेरे में इलाके
एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिलाने आए थे अस्पताल
घायल बच्चे के पिता ने बताया कि सुबह गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में एक बच्चे को कुत्ते ने काट लिया था। उनके बेटे ने अनजाने में उस बच्चे का जूठा खाना खा लिया था। संक्रमण के डर से वे बेटे को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिलाने और डॉक्टर से परामर्श लेने सदर अस्पताल लाए थे, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही हादसा हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल बच्चे की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।