Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची समेत पूरे राज्य में पुलिसकर्मियों के सामने गंभीर वेतन संकट खड़ा हो गया है। JPA ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बकाया वेतन जल्द जारी करने की मांग की है। एसोसिएशन के मुताबिक फरवरी का वेतन कटौतियों में खत्म हो गया, जबकि मार्च का वेतन अब तक जारी नहीं हुआ है। लगातार वेतन नहीं मिलने से पुलिसकर्मियों की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। रोजमर्रा के खर्च पूरे करना मुश्किल हो रहा है और कई परिवारों में जरूरी जरूरतें भी प्रभावित हो रही हैं। इससे पुलिस बल के भीतर तनाव और असंतोष बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वेतन में देरी का असर सीधे पुलिसकर्मियों के परिवारों पर पड़ रहा है। कई जवान अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं, जबकि बैंक की EMI बाउंस हो रही है। इसके अलावा शादी-ब्याह, इलाज और बुजुर्गों की दवाइयों जैसे जरूरी खर्च भी प्रभावित हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें :पश्चिम बंगाल चुनाव: हेमंत सोरेन ने दमदम में जनसभा, शिवपुर में TMC उम्मीदवारों के लिए रोड शो
कर्तव्यों पर असर की आशंका
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिसकर्मी आर्थिक और मानसिक दबाव में रहेंगे तो वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी क्षमता से नहीं कर पाएंगे। इससे कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।
CM से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
पुलिस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री Hemant Soren से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। साथ ही कोषागार से वेतन निकासी में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं को जल्द दूर करने की अपील की गई है। इससे पहले एसोसिएशन ने डीजीपी को भी पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है। ऐसे में अब सरकार के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Reporter | Samachar Post