Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची की रहने वाली 1995 बैच की आईपीएस अधिकारी स्वाति लकड़ा को डायरेक्टर जनरल (डीजी) रैंक में पदोन्नति मिली है। वह अब तेलंगाना कैडर में डायरेक्टर जनरल ऑफ स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि वह अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय से डीजी रैंक तक पहुंचने वाली देश की संभवतः पहली महिला अधिकारी हैं।
रांची से दिल्ली तक शिक्षा का सफर
स्वाति लकड़ा की शुरुआती शिक्षा रांची में हुई। उन्होंने लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल से 10वीं तक पढ़ाई की, जबकि 12वीं की शिक्षा डीएवी (अब जेवीएम) श्यामली से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वीमेन से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया। उनके पिता साउथ ईस्टर्न रेलवे में सिविल इंजीनियर रहे हैं। वहीं उनके पति बेनहूर महेश दत्त एक्का तेलंगाना कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं।
यह भी पढ़ें: पटना में गंगा किनारे बुलडोजर कार्रवाई तेज, 35 अवैध पक्के मकान ध्वस्त
महिलाओं की सुरक्षा पर किया अहम काम
अपने 20 से अधिक वर्षों के करियर में स्वाति लकड़ा ने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। तेलंगाना में उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई अभियान चलाए और कानून-व्यवस्था मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि करियर में उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन मेहनत और लगन से किया गया काम हमेशा सफलता दिलाता है।
रांची से बना हुआ है गहरा जुड़ाव
स्वाति लकड़ा ने बताया कि रांची उनकी जन्मस्थली है और उनका ससुराल भी वहीं है। वह समय-समय पर रांची आती रहती हैं और राज्य तथा यहां के लोगों से उनका गहरा जुड़ाव बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।