Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बजटो गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बच्चों द्वारा खाया गया गुपचुप और छोला जानलेवा साबित हुआ। शाम को स्ट्रीट फूड खाने के बाद अगले ही दिन बच्चों में उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। इस घटना में करीब 40 बच्चे बीमार हो गए हैं। 18 बच्चों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य बच्चों को अलग-अलग निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। अचानक बढ़े मरीजों की संख्या से अस्पतालों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें :टाटानगर रेलवे स्टेशन में लोको पायलट की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधी फरार
एक बच्चे की मौत, तीन की हालत गंभीर
फूड पॉइजनिंग की इस घटना में एक बच्चे की मौत हो गई है, जबकि तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि गुपचुप और छोला खाने के कुछ ही घंटों के भीतर बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी।
प्रशासन हरकत में, जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया है। उपायुक्त ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और खुद गांव पहुंचकर बीमार बच्चों का हाल जाना। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि खाने में इस्तेमाल सामग्री खराब थी या साफ-सफाई में लापरवाही हुई थी।
खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद इलाके में स्ट्रीट फूड की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Reporter | Samachar Post