Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गुरुवार को उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने चंदनकियारी प्रखंड के अंतर्राज्यीय चेकनाका बिरखम और मुर्गातल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में चौकसी बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
हर वाहन की सघन जांच के निर्देश
निरीक्षण के दौरान चेकपोस्ट पर तैनात टीम को छोटे-बड़े सभी वाहनों की सख्ती से जांच करने को कहा गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि संदिग्ध व्यक्ति या सामग्री मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही सीमावर्ती इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग करने और चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी से झारखंड की बिजली व्यवस्था पर संकट, ट्रांसफार्मर खतरे में; जेबीवीएनएल ने रद्द की कर्मियों की छुट्टियां
सीमा पूरी तरह सील रखने का आदेश
डीसी और एसपी ने अंतर्राज्यीय सीमा को पूरी तरह सील रखने का निर्देश दिया। मुख्य मार्गों के साथ-साथ वैकल्पिक रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाने को कहा गया, ताकि किसी भी तरह की अवैध आवाजाही रोकी जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।
पगडंडियों तक बढ़ाई गई निगरानी
चास, कसमार और चंदनकियारी के सीमावर्ती क्षेत्रों में जांच अभियान तेज कर दिया गया है। मुख्य सड़कों के साथ छोटी सड़कों और पगडंडियों पर भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इस दौरान अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीपीओ चास प्रवीण सिंह समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।