हजारीबाग में शिक्षकों का विरोध: दो महीने से वेतन नहीं, काला बिल्ला लगाकर जताया आक्रोश

Rupa Kumari | April 23, 2026 | 12:07 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग: जिले में वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज शिक्षकों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचे शिक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर अपनी नाराजगी जताई। शिक्षकों का कहना है कि पिछले दो महीनों से सैलरी बंद है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ट्रेजरी मामले के बाद रुका वेतन

शिक्षकों के अनुसार ट्रेजरी घोटाले के बाद मार्च महीने से उनका वेतन रोक दिया गया है। मार्च और अप्रैल की सैलरी नहीं मिलने से रोजमर्रा के खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मो. जहांगीर अंसारी ने कहा कि इस मामले से शिक्षकों का कोई संबंध नहीं है, फिर भी उन्हें वेतन से वंचित रखा गया है। उन्होंने जल्द भुगतान की मांग की।

यह भी पढ़ें: रंका सीएचसी में शुरू होगी जिले की पहली महिला ओपीडी, ग्रामीण महिलाओं को बड़ी राहत

सहायक आचार्यों को 9 महीने से इंतजार

शिक्षक संगठनों ने बताया कि जिले में नियुक्त सहायक आचार्यों को करीब नौ महीने से वेतन नहीं मिला है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई है। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने शिक्षा विभाग पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।

Share this news

संबंधित खबरें