Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन जल्द ही इसमें बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी प्रभावों को कारण बताया गया है।
यह भी पढ़ें :सारंडा में डबल संकट: नक्सल ऑपरेशन के बीच मलेरिया का प्रकोप, 5 जवान एयरलिफ्ट
24 अप्रैल से बदलेगा मौसम का मिजाज
24 अप्रैल से राज्य के पूर्वी इलाकों में मौसम बदलने लगेगा। आंशिक बादल छाएंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। 25 और 26 अप्रैल को उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किमी/घंटा तक पहुंचने की आशंका है। वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में अलर्ट, गर्मी का असर बरकरार
हाल के दिनों में हल्की बारिश के बावजूद राज्य में गर्मी का असर कम नहीं हुआ है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। डालटनगंज में तापमान 43.4°C तक पहुंच गया, जबकि रांची में अधिकतम तापमान 38.6°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बोकारो, धनबाद, जामताड़ा और दुमका समेत कई जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
Reporter | Samachar Post