रेलवे का बड़ा फैसला: यूडीआईडी कार्ड से दिव्यांग कोच में यात्रा की सुविधा

Rupa Kumari | April 21, 2026 | 02:08 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची: दिव्यांग यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब भारतीय रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यूनिक डिसेबिलिटी आइडेंटिटी (यूडीआईडी ) कार्ड धारक यात्री भी दिव्यांग कोच में यात्रा कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था से अब अलग से रेलवे द्वारा जारी दिव्यांग कार्ड की अनिवार्यता खत्म हो गई है। अब तक दिव्यांग कोच (एसएलआरडी/एलएसआरडी) में यात्रा के लिए केवल रेलवे द्वारा जारी दिव्यांग प्रमाणपत्र ही मान्य था। इस कारण कई यात्रियों को यात्रा के दौरान परेशानी और असमंजस का सामना करना पड़ता था।

यूडीआईडी कार्ड को मिली मान्यता

रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तहत जारीयूडीआईडी कार्ड भी वैध दस्तावेज माना जाएगा। इससे दिव्यांग यात्रियों को अतिरिक्त कागजी प्रक्रिया से राहत मिलेगी और यात्रा आसान होगी। रेलवे ने यह भी साफ किया है कि केवल पात्र दिव्यांग यात्री ही इस कोच में यात्रा कर सकेंगे। यदि कोई अनधिकृत व्यक्ति दिव्यांग कोच में सफर करता पाया गया, तो उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: झारखंड बिजली वितरण निगम के गोदाम में आग, एक लाख से अधिक का नुकसान

किराये में छूट पाने वालों को भी लाभ

रेलवे की ओर से किराये में रियायत पाने वाले दिव्यांग यात्री भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। यूडीआईडी कार्ड दिखाकर वे सीधे दिव्यांग कोच में यात्रा कर पाएंगे। रेलवे बोर्ड की ओर से सभी जोन के मुख्य वाणिज्य प्रबंधकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस फैसले से देशभर के दिव्यांग यात्रियों को यात्रा के दौरान बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Share this news

संबंधित खबरें