Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में गर्मी ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे राज्य में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा, जिससे तेज धूप और अधिक गर्मी का असर साफ तौर पर महसूस होगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। बीते दिन कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बादल देखने को मिले थे, लेकिन अब मौसम पूरी तरह साफ हो गया है। अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन लगातार धूप के कारण गर्मी ज्यादा महसूस होगी।
यह भी पढ़ें :रांची के खेलगांव में वेतन को लेकर बवाल, कपड़ा कंपनी में मजदूरों का प्रदर्शन
कई इलाकों में लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी और मध्य हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। खासकर बोकारो और धनबाद जैसे क्षेत्रों में गर्म हवाओं का असर अधिक रहने की संभावना है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
रांची में 39°C के आसपास तापमान
राजधानी रांची में आज अधिकतम तापमान करीब 39°C और न्यूनतम 23°C रहने का अनुमान है। दिनभर तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर सकती है। अगले 2 से 3 दिनों तक मौसम में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।
पलामू बना सबसे गर्म जिला
बीते 24 घंटों में पलामू राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां तापमान 43.9°C दर्ज किया गया। इसके अलावा बोकारो थर्मल में 43.1°C, सरायकेला में 41.9°C, जमशेदपुर में 41.6°C और चाईबासा में 41.4°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। रांची में भी 39.3°C तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
कई जिलों में 44°C तक पहुंच सकता है पारा
पूर्वानुमान के मुताबिक चतरा, गढ़वा और पलामू जैसे जिलों में तापमान 44°C तक जा सकता है। कोडरमा में 43°C और पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम सहित सरायकेला-खरसावां में 42 से 44°C के बीच तापमान रहने की संभावना है। इन इलाकों में लू जैसी स्थिति बन सकती है।
रात में भी नहीं मिलेगी राहत
राज्य के कई हिस्सों में रात का तापमान भी 22 से 27°C के बीच बना रहेगा, जिससे उमस और गर्मी बनी रहेगी। रांची, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग में दिन का तापमान 39 से 43°C तक जा सकता है, जबकि देवघर, दुमका, गिरिडीह और जामताड़ा में 40 से 42°C तक रहने का अनुमान है।
फिलहाल राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं होगी। यानी फिलहाल झारखंडवासियों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा।
Reporter | Samachar Post