Samachar Post डेस्क, रांची :देशभर में इस बार गर्मी ने समय से पहले ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। कई राज्यों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। महाराष्ट्र के अकोला में तापमान करीब 44 डिग्री दर्ज किया गया है, जिसके कारण यह दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है। इसके साथ ही नागपुर, अमरावती और वर्धा जैसे शहर भी तापमान के मामले में शीर्ष स्थानों पर पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें :ट्रेजरी घोटाले पर सख्त हुई हेमंत सरकार, CID जांच और SIT गठन; सभी जिलों में स्पेशल ऑडिट
आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस वर्ष सामान्य से अधिक गर्मी पड़ सकती है। मार्च से मई के बीच लू का असर और तेज होगा और तापमान में 4 से 8 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। यदि हालात और बिगड़े तो कुछ इलाकों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
गर्म शहरों की सूची में भारत आगे
हालिया आंकड़ों के अनुसार दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में भारत के करीब 20 शहर शामिल हैं। चंद्रपुर, रायपुर, भिलाई, वाराणसी और सासाराम जैसे शहरों में लगातार तापमान बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
लू से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी
मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में लू का असर और तेज होगा। लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। यह भीषण गर्मी आने वाले दिनों में और कठिनाइयां बढ़ा सकती है।
Reporter | Samachar Post