Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार में नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। 20 साल तक सत्ता में रहे नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। शिवराज सिंह चौहान को भाजपा ने विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वे नए मुख्यमंत्री के नाम की पर्ची लेकर पटना पहुंच चुके हैं। उनके साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद हैं। आज पटना के अटल सभागार में भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित होगी। इसके बाद विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए के सभी घटक दलों की संयुक्त बैठक होगी। माना जा रहा है कि इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा।
यह भी पढ़ें :आखिरी कैबिनेट मीटिंग के बाद भावुक हुए नीतीश कुमार, मंत्रियों ने दी विदाई
आखिरी कैबिनेट में भावुक दिखे नीतीश कुमार
अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक में नीतीश कुमार भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि 2005 से अब तक उन्होंने राज्य की सेवा की और आगे भी नई सरकार को मार्गदर्शन देते रहेंगे। कई नेताओं ने नीतीश कुमार के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। उनका कहना है कि बिहार के विकास में उनकी भूमिका अहम रही है और वे आगे भी मार्गदर्शक के रूप में सक्रिय रहेंगे।
कुछ घंटों में साफ होगी तस्वीर
अब सभी की नजर आज होने वाली बैठकों पर टिकी है, जहां नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। इसके साथ ही बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।






















