Samachar Post रिपोर्टर, पलामू: पलामू कोषागार में कथित गड़बड़ी के मामले में राहत भरी खबर सामने आई है। हाई लेवल जांच में अब तक किसी तरह की अनियमितता का ठोस सबूत नहीं मिला है। शुक्रवार को अपर समाहर्ता कुंदन कुमार के नेतृत्व में टीम ने कोषागार और पुलिस कार्यालय में सुबह से शाम तक गहन जांच की।
सात संदिग्ध खातों की हुई जांच
जांच के दौरान उन सात खातों पर विशेष ध्यान दिया गया, जिन पर पहले वित्त विभाग ने संदेह जताया था। बताया जा रहा है कि ये खाते शहीद और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से जुड़े हुए थे। टीम ने सभी खातों के लेन-देन और रिकॉर्ड की विस्तार से जांच की। उपायुक्त समीरा एस ने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी तरह का अतिरिक्त भुगतान या वित्तीय अनियमितता सामने नहीं आई है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ की गई और हर पहलू की जांच की गई।
यह भी पढ़ें: CM पद छोड़ने के बाद कहां रहेंगे नीतीश कुमार? 1 अणे मार्ग से 7 सर्कुलर रोड शिफ्टिंग शुरू
कई अधिकारी रहे शामिल
जांच टीम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू, कोषागार पदाधिकारी सोमरा भगत, एसडीपीओ आलोक कुमार टूटी और एनडीसी नीरज कुमार समेत कई अधिकारी शामिल थे। सभी ने मिलकर मामले की गहराई से पड़ताल की।
फिलहाल राहत, निगरानी जारी
जांच के बाद फिलहाल सभी संदिग्ध खातों को क्लीनचिट दे दी गई है। हालांकि प्रशासन ने कहा है कि भविष्य में भी मामले की निगरानी जारी रहेगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका को समय रहते रोका जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।