Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा :चाईबासा जिले के गुवा स्थित बड़ाजामदा बाजार में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। बीती रात अज्ञात चोरों ने दो मोबाइल दुकानों का ताला तोड़कर अंदर रखे लाखों रुपये के मोबाइल फोन चोरी कर लिए। अनुमान है कि करीब 30 लाख रुपये के मोबाइल गायब हुए हैं। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए और चोरी का पता चला।
यह भी पढ़ें :फ्लाईओवर से गिरा 14 साल का अमन: स्कूटी हादसे में दर्दनाक मौत
लगातार चोरी से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक महीने से इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। छोटे दुकानों से लेकर महंगे मोबाइल की चोरी तक कई मामले सामने आ चुके हैं। इससे व्यापारियों में असुरक्षा और भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस को नाबालिग गिरोह पर शक
बड़ाजामदा थाना प्रभारी के अनुसार, हाल ही में एक नाबालिग को चोरी किए गए मोबाइल के साथ पकड़ा गया था। शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि पड़ोसी राज्य ओडिशा से आने वाले कुछ नाबालिग इस तरह की वारदातों में शामिल हो सकते हैं। नशे की लत को भी एक संभावित कारण बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और बाजार क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
व्यापारियों की सुरक्षा की मांग
लगातार हो रही चोरी से नाराज व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
Reporter | Samachar Post