Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची पुलिस ने शहर में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कॉलेज के छात्रों को टारगेट कर प्रतिबंधित दवाएं बेचने का आरोप है। 9 अप्रैल को लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली कि रेडियम रोड स्थित कुमार मार्केट गली में रहने वाला अनिल रजक नशीली दवाओं का कारोबार कर रहा है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तुरंत छापेमारी की योजना बनाई गई।
यह भी पढ़ें :11 अप्रैल को रांची आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
घर पर छापेमारी, आरोपी गिरफ्तार
सिटी एसपी के निर्देशन और डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मौके से नशीली दवाएं बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ये दवाएं कॉलेज छात्रों को बेचता था। पुलिस ने आरोपी के पास से ONREX कफ सिरप की 19 बोतलें और Nitrosum टैबलेट की 75 गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, पीला झोला और चांदी का सिक्का भी जब्त किया गया है।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
इस मामले में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस के अनुसार आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, लेकिन अब इस बात की जांच की जा रही है कि वह किन-किन लोगों तक यह नशीली दवाएं पहुंचा रहा था और इस नेटवर्क में और कौन शामिल है। पुलिस का मानना है कि आरोपी खासतौर पर कॉलेज छात्रों को निशाना बना रहा था, जो बेहद गंभीर मामला है। इसे लेकर अब शहर में निगरानी और सख्त की जा रही है।
Reporter | Samachar Post