गुमला में दर्दनाक हादसा: सतर्क रहने का मैसेज भेजने वाले युवक को जंगली हाथी ने कुचला

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला: जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के बुरहू गांव के पास जंगली हाथी के हमले में 32 वर्षीय अनूप कुमार पांडेय की मौत हो गई। अनूप बीजेपी युवा मोर्चा के पूर्व महामंत्री रह चुके थे और हाल ही में उनका नाम मंडल महामंत्री के लिए प्रस्तावित किया गया था। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

व्हाट्सएप पर भेजा सतर्क रहने का मैसेज

जानकारी के अनुसार अनूप गांव में पावर ग्रिड में पीएसएस ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह काम पर जाते समय उन्होंने बुरहू पतरा के पास भीड़ देखी। पास जाकर पता चला कि इलाके में जंगली हाथी घुस आया है। इसके बाद अनूप ने व्हाट्सएप ग्रुप में लोगों को सतर्क रहने का संदेश भेजा।

यह भी पढ़ें: दानापुर में भीषण आग: शॉर्ट सर्किट से दुकान जली, लाखों का नुकसान

हाथी को देखने गए, कुचलकर मार डाला

मैसेज भेजने के बाद अनूप दो अन्य युवकों के साथ हाथी को देखने पतरा के अंदर चले गए। इसी दौरान हाथी ने उन्हें दौड़ा लिया। दोनों युवक भागकर बाहर निकल आए, लेकिन अनूप नहीं लौटे। खोजबीन करने पर अंदर उनकी खून से लथपथ लाश मिली। स्थानीय लोगों ने शव बाहर निकालकर पुलिस और वन विभाग को सूचना दी।

अधिकारियों ने दी तत्काल सहायता

सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया गया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी और बाकी मुआवजा कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने का आश्वासन दिया। बताया जा रहा है कि अनूप अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले थे। उनके बूढ़े माता-पिता, दो बहनें और एक छोटा भाई हैं। घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

Share this news

संबंधित खबरें