Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: शहर के न्यू पांडे डीह मोहल्ले से 10 वर्षीय बच्ची चंदा मुंडा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। बच्ची के अचानक गायब होने से परिजन परेशान हैं और इलाके में चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार चंदा मूल रूप से गुमला जिले की रहने वाली है और जामताड़ा में अपनी ममेरी बहन प्रतिमा रजनी तिर्की के साथ रहती थी, जो पेशे से शिक्षिका हैं। गुरुवार शाम करीब 5 बजे चंदा घर के पास खेलने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
बारिश के दौरान पेड़ के नीचे देखी गई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खेल के दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए चंदा पास ही एक पेड़ के नीचे खड़ी हुई थी। बारिश थमने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद मामले की सूचना जामताड़ा थाना को दी गई।
यह भी पढ़ें: चतरा में 14 वर्षीय छात्रा गर्भवती, आवासीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक गिरफ्तार
पुलिस ने शुरू की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया है। मोहल्ले और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी और लोगों से पूछताछ की जा रही है।
परिजनों की अपील
परिजनों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी बच्ची के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या परिवार को सूचित करें। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच करते हुए बच्ची की जल्द बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।