Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला सदाबहार चौक का है, जहां बेखौफ चोरों ने एक लॉन्ड्री दुकान को निशाना बनाते हुए दरवाजा तोड़कर नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। दुकान संचालक मनोज बैठा ने बताया कि वे बुधवार रात रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो दरवाजा टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। यह देखकर उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ, जिसके बाद तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई।
नकद और सोने का लॉकेट चोरी
चोर दुकान से करीब 20 हजार रुपये नकद और लगभग 5 ग्राम का ‘ऊं’ लिखा सोने का लॉकेट लेकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, यह रकम उन्होंने हाल ही में खरीदी गई जमीन के भुगतान के लिए दुकान में रखी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। दो दिन पहले भी सदाबहार चौक के पास एक बेकरी दुकान के बाहर रखे फ्रिज का ताला तोड़कर करीब 10 हजार रुपये के कोल्डड्रिंक और अन्य सामान की चोरी हुई थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
Reporter | Samachar Post