Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। उनका यह दौरा करीब तीन दिनों का बताया जा रहा है। दिल्ली में नीतीश कुमार भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान बिहार की भविष्य की राजनीति और सत्ता संतुलन को लेकर अहम चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, यह उनका मुख्यमंत्री के रूप में आखिरी दिल्ली दौरा भी हो सकता है।
यह भी पढ़ें :महिला कोच में चढ़े धनबाद सांसद ढुलू महतो, वायरल फोटो से मचा विवाद, RPF कर रही जांच
NDA में सीट और नेतृत्व पर मंथन
जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने इस दौरे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन की बड़ी पार्टी है और अंतिम निर्णय वही लेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जदयू, एनडीए के साथ है। चर्चा है कि जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी इस दौरे में शामिल हो सकते हैं। बैठकों में बिहार के अगले मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के नामों पर भी विचार-विमर्श हो सकता है।
सीएम और डिप्टी सीएम पद के दावेदार
बिहार की राजनीति में भाजपा कोटे से सम्राट चौधरी, नित्यानंद राय, विजय सिन्हा और श्रेयसी सिंह के नाम चर्चा में हैं। इनमें सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। वहीं जदयू की ओर से डिप्टी सीएम पद के लिए निशांत कुमार, विजय चौधरी और अशोक चौधरी के नाम सामने आ रहे हैं, जिसमें निशांत कुमार की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। राज्यसभा शपथ से पहले यह दौरा बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। अब सबकी नजर दिल्ली में होने वाली बैठकों और संभावित बड़े फैसलों पर टिकी हुई है।
Reporter | Samachar Post