Samachar Post रिपोर्टर, पलामू: पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के मड़वा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान चंचला देवी के रूप में हुई है। वह रोहतास की रहने वाली थी और वर्ष 2024 में मड़वा निवासी कुंदन सिंह से उसकी शादी हुई थी। चंचला देवी का आठ महीने का एक बच्चा भी है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि परिजनों के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: टेंडर कमीशन प्रकरण : पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित
मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही चंचला देवी को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
मौत से पहले मां को बताई थी मारपीट की बात
परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन शाम करीब तीन बजे चंचला देवी ने अपनी मां से फोन पर बात की थी। उसने बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। कुछ देर बाद ही उसकी मौत की खबर मिली। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो शव घर में पड़ा मिला।
ससुराल पक्ष का दावा, छत से गिरने से हुई मौत
ससुराल वालों का कहना है कि महिला छत से गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि मायके पक्ष का दावा है कि शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं थे, जिससे इस दावे पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन मौके पर पहुंचे और गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।