Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड की राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र से लापता किशोरी नंदिनी की हत्या की पुष्टि हो गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद शव को बिहार के गया ले जाकर जला दिया गया। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मुख्य आरोपी समेत तीन हिरासत में
पुलिस ने मुख्य आरोपी सुबोध पाठक, उसके बेटे राहुल उर्फ अक्षय पाठक और एक एंबुलेंस चालक को हिरासत में लिया है। रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हो चुकी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: भुरकुंडा में पुलिस-अपराधियों की मुठभेड़, राहुल दुबे गैंग का सदस्य सनी सिंह घायल
पूछताछ में सामने आए अहम खुलासे
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अक्षय पाठक अक्सर किशोरी के साथ मारपीट करता था, जिसकी शिकायत उसने अपनी सहेलियों से भी की थी। घटना से पहले 2 अप्रैल की रात ग्रामीणों ने आरोपी के घर का घेराव कर किशोरी के बारे में जानकारी मांगी थी। उस समय परिजनों ने उसे गांव भेजे जाने की बात कहकर कुछ दिनों में वापस लाने का लिखित आश्वासन दिया था।
बिहार तक गई थी पुलिस
पुलिस टीम ग्रामीणों के साथ बिहार गई थी, जहां एक व्यक्ति ने खुद को किशोरी का पिता बताते हुए उसके घर आने और फिर चले जाने की बात कही। स्थानीय स्तर पर पुष्टि होने के बाद पुलिस लौट आई, लेकिन बाद में मामला संदिग्ध लगने पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी गई। मामले में कमलेश मेमोरियल अस्पताल से जुड़े चिकित्सक अमरेश पाठक की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। पुलिस जब उन्हें पकड़ने अस्पताल पहुंची तो वह फरार मिले। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जल्द होगा पूरा खुलासा
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।