रामगढ़ में ताबड़तोड़ फायरिंग: ओसम मिल्क प्लांट पर हमला, गैंग ने ली जिम्मेदारी

Rupa Kumari | April 4, 2026 | 12:54 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू क्षेत्र में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार अपराधियों ने ओसम मिल्क प्लांट को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है।

कई राउंड फायरिंग, इलाके में दहशत

हमलावरों ने प्लांट पर कई राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है।

यह भी पढ़ें: रेल यात्रियों के लिए अलर्ट: आसनसोल मंडल में मेंटेनेंस ब्लॉक, 28 ट्रेनें रद्द, कई के रूट-टाइम बदले

सोशल मीडिया पर गैंग का दावा

घटना के कुछ ही देर बाद कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर हमले की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में प्लांट मालिक अनिरुद्ध को चेतावनी देते हुए इसे “सिर्फ एक इशारा” बताया गया है। गैंग द्वारा जारी पोस्ट में प्लांट मालिक के परिवार को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

पुलिस अलर्ट, छापेमारी जारी

पुलिस फिलहाल सोशल मीडिया पर किए गए दावे की सत्यता की जांच कर रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें