- रांची और रामगढ़ में निकाला आक्रोश मार्च, दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग
Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड के चर्चित विष्णुगढ़ कांड के खुलासे के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। पुलिस जांच में बलि प्रथा से जुड़े एंगल सामने आने और एक भाजपा नेता की गिरफ्तारी के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राज्य के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।
रांची में आक्रोश मार्च
राजधानी रांची में झामुमो कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकालकर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अल्बर्ट एक्का चौक पर जिला संयोजक मुस्ताक आलम के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोप लगाया कि मामले को शुरुआत में धार्मिक रंग देने की कोशिश की गई।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में बक्से में छिपा मिला युवक, महिला के घर से पुलिस ने किया बरामद
रामगढ़ में भी विरोध प्रदर्शन
रामगढ़ में भी झामुमो कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और पैदल मार्च निकाला। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से सुभाष चौक तक रैली निकालकर विरोध जताया। नेताओं ने मासूम बच्ची की हत्या को बेहद दुखद बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि आरोपी का संबंध भाजपा से सामने आने के बाद पार्टी अब चुप्पी साधे हुए है। उनका कहना है कि पहले इस मामले को भटकाने की कोशिश की गई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों को फांसी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
मामले ने लिया राजनीतिक रूप
विष्णुगढ़ कांड अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। एक ओर पुलिस जांच जारी है, तो दूसरी ओर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी घमासान और बढ़ने की संभावना है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।