Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :झारखंड के गिरिडीह जिले में एक दर्दनाक हादसे में बिहार के समस्तीपुर से आए युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरव कुमार सिंह (22) के रूप में हुई है, जो उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौरा जनकपुर का निवासी था। जानकारी के अनुसार, गौरव अपने दोस्त अनमोल कुमार के साथ गिरिडीह घूमने आया था। दोनों झिंझरी मोहल्ला में एक परिचित के घर ठहरे हुए थे। गुरुवार को दोनों वॉटरफॉल घूमने गए, जहां नहाने के दौरान गौरव अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्त अनमोल ने उसे डूबता देख शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक गौरव पानी में डूब चुका था।
यह भी पढ़ें :मेला से लौटते वक्त दर्दनाक हादसा: बाइक सवार युवक की मौके पर मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को बाहर निकाला गया। उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील
मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है। पुलिस ने वॉटरफॉल और अन्य पर्यटन स्थलों पर जाने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
Reporter | Samachar Post